प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्र के वित्तीय सहयोग से चल रहे तकनीकी संस्थानों के निदेशकों के साथ संवाद किया। बैठक में नवनियुक्त शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी शामिल हुए। एक ट्वीट संदेश में धर्मेंद्र प्रधान ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से मंत्रालय, शिक्षा को वैश्विक मानकों के अनुरूप रोजगारपरक बनाने के साथ-साथ अधिक समावेशी, समग्र, बहु-विषयक बनाने के लिए नए मानक स्थापित करने का काम जारी रखेगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि भारत सरकार देश को एक समान ज्ञान वाले समाज की ओर ले जाने में छात्रों और युवाओं को मुख्य हितधारक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में आईआईएससी बैंगलोर, आईआईटी बॉम्बे, आईआईटी मद्रास और आईआईटी कानपुर के निदेशकों ने हिस्सा लिया।