पंजाब में लुधियाना अदालत परिसर में हुए विस्फोट से इमारत की दूसरी मंजिल पर एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और पांच लोग घायल हुए। इस बीच, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अदालत परिसर का दौरा करने और लुधियाना के अस्पताल में घायल लोगों से मुलाकात करने के बाद कहा कि ऐसा लगता है कि विस्फोट में जिस व्यक्ति की मृत्यु हुई है वही विस्फोट के लिए जिम्मेदार था। इस घटना की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है।
गृह मंत्रालय ने लुधियाना जिला न्यायालय परिसर में हुए विस्फोट पर पंजाब सरकार से रिपोर्ट मांगी
गृह मंत्रालय ने लुधियाना जिला न्यायालय परिसर में हुए विस्फोट पर पंजाब सरकार से रिपोर्ट मांगी है। केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य से घटना के बारे में रिपोर्ट भेजने का कहा है। न्यायालय परिसर में आज तीसरे पहर विस्फोट हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। दूसरी मंजिल का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया।