पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के पास हेरिटेज स्ट्रीट पर आज सुबह एक विस्फोट हुआ। इससे पहले शनिवार की रात को भी यहां एक विस्फोट हुआ था। पंजाब पुलिस के अनुसार इस घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है और एक कार का शीशा टूट गया है। पुलिस ने घटना की जांच के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव विस्फोट स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार यह विस्फोट कम तीव्रता वाले थे।
उन्होंने कहा कि इस घटना को आतंकी साजिश कहना अभी जल्दबाजी होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर विस्फोट की जांच की जाएगी। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि पंजाब पुलिस शांति और सद्भाव बनाए रखने में सक्षम है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।