देश के स्वच्छ शहर इंदौर को देश का पहला वाटर प्लस सिटी घोषित किया गया है। इंदौर देश का पहला शहर है जो स्वच्छता की श्रेणी में चार बार से गिना जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, ग्रामीण विकास और आवासन मंत्री भुपेन्द्र सिंह ने इंदौर नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ -साथ आम जनता को भी इस कार्य के लिए बधाई दी है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, वॉटर प्लस की चयन प्रक्रिया में देश के 84 शहर दावेदार थे, जिसमें से सिर्फ 33 शहरों को जमीनी सत्यापन के लिये उपयुक्त पाया गया। जमीनी सत्यापन में इंदौर शहर के लोगों की मेहनत रंग लायी और इस तरह इंदौर की उपलब्धियों में एक और सुनहरा पन्ना जुड़ गया। गौरतलब है कि स्वच्छ भारत मिशन शहरी के अंतर्गत देश के शहरों का विभिन्न स्वच्छता मानकों के आधार पर परीक्षण किया जाता है। इसमें ओडीएफ प्लस, ओडीएफ डबल प्लस और वॉटर प्लस की श्रेणियाँ हैं। वॉटर प्लस का प्रमाण-पत्र उन शहरों को दिया जाता है, जिन्होंने ओडीएफ डबल प्लस के सभी मानकों को पूर्ण किया हो। साथ ही आवासीय और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले अपशिष्ठ मल-जल को जहाँ उपचार के बाद ही पर्यावरण में छोड़ा जाता हो। यही नहीं, इस पुरस्कार के लिए अपशिष्ठ मल-जल का पुन: उपयोग भी सुनिश्चित किया जाना जरुरी है।