देश की पहली क्षेत्रीय ट्रांजिट रेल सेवा – नमो भारत ट्रेन लोगों के लिए आज से शुरू हो रही है। पहले चरण में साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक 17 किलोमीटर की दूरी तय होगी। इसमें साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई और दुहाई डिपो सहित कुल पांच स्टेशन होंगे। नमो भारत ट्रेन 160 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चलेगी। छह कोच वाली इस ट्रेन में एक हजार सात सौ यात्री यात्रा कर सकेंगे। एक कोच महिलाओं के लिए आरक्षित है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल साहिबाबाद में इसका शुभारंभ किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नमो भारत ट्रेन न्यू इंडिया की नई यात्रा और नए संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मेरठ क्षेत्रीय रैपिट ट्रांजिट सिस्टम गलियारा क्षेत्रीय सम्पर्क में क्रांतिकारी कदम है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नमो भारत भविष्य के भारत की एक झलक है और बढ़ती आर्थिक ताकत के साथ राष्ट्र के परिवर्तन का उदाहरण है।
तेज रफ्तार नमो भारत शुरू हुई है, वो भी मेड इन इंडिया है, भारत की अपनी ट्रेन है। हवाई जहाज में जो आवाज आती है, ये नमो भारत ट्रेन में हवाई जहाज से भी आवाज कम है, यानि कितनी सुखद यात्रा रहती है। नमो भारत, भविष्य के भारत की झलक है। नमो भारत, इस बात का भी प्रमाण है कि जब देश की आर्थिक ताकत बढ़ती है, तो कैसे ये हमारे देश की तस्वीर बदल जाती है।