सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य इस वर्ष दिसम्बर के आखिर तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद दिल्ली से देहरादून की यात्रा दो घंटे में हो सकेगी। नितिन गडकरी ने छह लेन के दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य के निरीक्षण के बाद उत्तर प्रदेश के बागपत में संवाददाताओं से यह बात कही। उन्होंने कहा कि अभी दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा में लगभग छह से सात घंटे लगते हैं।
212 किलोमीटर लम्बा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे उत्तर-पूर्व दिल्ली में अक्षरधाम से शुरू होगा और बागपत, शामली तथा सहारनपुर से होते हुए गुजरेगा। नितिन गडकरी ने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेस-वे पर बारह सुविधाएं विकसित की जाएंगी जिनमें इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन होंगे। उन्होंने कहा कि 2024 के आखिर तक भारतीय सड़कें अमरीकी सड़कों के मानकों की हो जाएंगी।