जापान के रक्षा-उपमंत्री ओका मसामी ने आज नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। बैठक में ओका मसामी ने रक्षा मंत्री को सातवें रक्षा नीति संवाद के दौरान विचार-विमर्श की जानकारी दी। दोनों देशों के बीच यह संवाद कल नई दिल्ली में हुआ। भारतीय पक्ष का नेतृत्व रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने किया। ओका मसामी ने रक्षा उपकरण और प्रौद्योगिकी में साझेदारी सहित द्विपक्षीय रक्षा सहयोग बढ़ाने की जापान की उत्सुकता पर बल दिया।
रक्षा मंत्री ने बताया कि भारत और जापान का स्वतंत्र, खुले, सुरक्षित और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए साझा दृष्टिकोण है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि दोनों देशों को द्विपक्षीय सहयोग का विस्तार करना जारी रखना चाहिए।