दिल्‍ली के उपमुख्‍यमंत्री मनीष सिसोदिया और मंत्री सत्‍येन्‍द्र जैन ने कैबिनेट से इस्‍तीफा दिया

दिल्‍ली के उप मुख्‍यमंत्री मनीष सिसोदिया और मंत्री सत्‍येन्‍द्र जैन ने कैबिनेट से इस्‍तीफा दे दिया है। मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दोनों का इस्‍तीफा स्‍वीकार कर लिया है। मनीष सिसोदिया को रद्द दिल्‍ली आबकारी न‍ीति से संबंधित भ्रष्‍टाचार के मामले में केंद्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो ने गिरफ्तार किया है। उच्‍चतम न्‍यायालय ने उन्‍हें जमानत देने से आज इंकार कर दिया। मनीष सिसोदिया ने गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए उच्‍चतम न्‍यायालय में याचिका दायर की थी।

सत्‍येन्‍द्र जैन को पिछले वर्ष मई में धनशोधन के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था। दो मंत्रियों के इस्‍तीफे के बाद दिल्‍ली सरकार में अब चार मंत्री ही रह गए हैं।

इस बीच, भाजपा ने रद्द दिल्‍ली आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं को लेकर एक अभियान चलाने का निर्णय लिया है। नई दिल्‍ली में भाजपा प्रवक्‍ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता दिल्‍ली आबकारी नीति के कार्यान्‍वयन में कथित भ्रष्‍टाचार से अवगत कराने के लिए घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। उन्‍होंने आम आदमी पार्टी पर युवाओं के भविष्‍य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

Related posts

Leave a Comment