तेलंगाना में चुनाव प्रचार चरम पर है और सभी प्रमुख पार्टियों के शीर्ष नेता राज्य में पहुंच चुके हैं। सभी 119 निर्वाचन क्षेत्रों में बृह्स्पतिवार को मतदान होगा। अधिकांश निर्वाचन क्षेत्रों में त्रिकोणीय मुकाबला है जबकि कुछ सीटों पर बहुकोणीय मुकाबला है। इस बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रचार के लिए तेलंगाना पहुंचेंगे। वह अगले तीन दिन तक हैदराबाद और आसपास के क्षेत्रों में रोड शो करेंगें और कामारेड्डी, महबूबनगर और करीमनगर में जनसभाओँ को संबोधित करेंगे।
वहीं कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता आज और कल प्रचार में शामिल होंगे। इस बीच, बीआरएस प्रमुख के चंद्रशेखर राव 100 निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार पूरा करने जा रहे हैं।
तेलंगाना में विधानसभा चुनावों के लिए बीस हजार से अधिक मतदाताओं ने होम वोटिंग का उपयोग किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी विकास राज ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि होम वोटिंग की प्रक्रिया एक-दो दिन में पूरी हो जायेगी। अब तक बीस हजार से अधिक मतदाता होम वोटिंग के जरिए मताधिकार का उपयोग कर चुके हैं। राज्य में पहली बार सभी 119 निर्वाचन क्षेत्रों में 29 हजार से अधिक लोगों को घर से मतदान करने की मंजूरी दी गई है।