तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा आज नई दिल्ली पहुंचे। वे तीन साल बाद दिल्ली आये हैं। लद्दाख बौद्ध परिसंघ और लद्दाख गोंपा परिसंघ से जुडे विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के निमंत्रण पर कुछ अनुष्ठानों में भाग लेने के लिए वह 40 दिन लद्दाख प्रवास पर थे।
अपने लद्दाख प्रवास के दौरान वह विभिन्न धार्मिक समुदायों के उपासना स्थलों पर गए। अंजुमन मोइन-उल-इस्लाम, अंजुमन इम्मीया और लद्दाख इसाई संगठन ने अपने समुदायों के साथ चर्चा के लिए उन्हें आमंत्रित किया था। उनके सम्मान में कल धार्मिक संगठनों ने भोज का भी आयोजन किया। अपने प्रवचनों में दलाई लामा ने लद्दाख में साम्प्रदायिक सद्भाव पर बल देते हुए एक बेहतर समाज के निर्माण के लिए जीवन शैली में करूणा का भाव विकसित करने की आवश्यकता बताई।