टी-20 क्रिकेट विश्व कप में पाकिस्तान ने अपने ग्रुप के पहले मैच में दुबई में कल रात भारत को 10 विकेट से हरा दिया। जीत के लिए 152 रन का लक्ष्य पाकिस्तान ने बिना कोई विकेट गंवाए 17 ओवर और पांच गेंदों में ही हासिल कर लिया। पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान और कप्तान बाबर आज़म के बीच 100 रन से ज्यादा की रिकॉर्ड साझेदारी की बदौलत पाकिस्तान ने भारत पर 10 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। रिजवान ने 79 और आजम ने नाबाद 68 रनों की धमाकेदार पारी खेली।
इससे पहले, पाकिस्तान ने टॉस जीतने के बाद भारत को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। विराट कोहली के 49 गेंद पर 57 रन और ऋषभ पंत के 30 गेंद पर 39 रन की मदद से भारत ने निर्धारित बीस ओवर में सात विकेट पर 151 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से शाहीन शाह अफरीदी ने 31 रन पर तीन विकेट लेकर भारत के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया। अफरीदी को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
एक अन्य मैच में श्रीलंका ने बांग्लादेश को पांच विकेट से हरा दिया। बांग्लादेश के 172 रन के लक्ष्य को श्रीलंका ने अठारह ओवर और पांच गेंद में हासिल कर लिया।
भारत का अगला मुकाबला रविवार को न्यूजीलैंड से होगा।