जम्मू और कश्मीर पुलिस ने आज सांबा जिले के एक खेत से हथियार और कुछ नकद रकम बरामद की है। इस बारे में विजयपुर के चन्नी मनहासन के निकट एक संदिग्ध पैकेज के बारे में विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पहुंची। जांच पड़ताल में एक आई ई डी, दो पिस्तौल, चार मैगजीन और बैटरियों के साथ-साथ एक घड़ी और पांच लाख रुपये बरामद हुए।
सांबा के अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र चौधरी ने बताया कि ये पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये गिराये जाने का मामला है। इसका उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों के चलाये जाने के लिए धन और हथियार उपलब्ध कराना है। अधिकारियों ने बताया है कि इस क्षेत्र में एक और ड्रोन की आवाजाही देखी गई थी। आसपास के क्षेत्रों में तलाश जारी है क्योंकि ड्रोन के जरिये ऐसी वस्तुएं गिराये जाने का संदेह है।
