छत्तीसगढ़ आज कांग्रेस सरकार के शासनकाल में आतंक, भ्रष्टाचार और कुशासन से त्रस्त है: प्रधानमत्री मोदी

छत्तीसगढ़ आज कांग्रेस सरकार के शासनकाल में आतंक, भ्रष्टाचार और कुशासन से त्रस्त है: प्रधानमत्री मोदी

प्रधानमत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि छत्तीसगढ़ आज कांग्रेस सरकार के शासनकाल में आतंक, भ्रष्टाचार और कुशासन से त्रस्त है। आज बिलासपुर में भारतीय जनता पार्टी की महासंकल्प रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमत्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रोजगार के नाम पर घोटाले ही घोटाले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पी.एस.सी. घोटाला युवाओं के साथ बहुत बड़ा धोखा है।

प्रधानमत्री मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार चाहे केन्द्र में हो या राज्य में रही हो, हमेशा छत्तीसगढ़ के विकास के लिए समर्पित रही है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में केन्द्र की भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ को बिजली, सड़क और अन्य विकास कार्यों के लिए हजारों करोड़ रूपए दिए, लेकिन राज्य की कांग्रेस सरकार के कारण केन्द्र की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंच पाया है।

धान खरीदी के मुद्दे पर प्रधानमत्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों से धान का एक-एक दाना केन्द्र सरकार खरीदती है और धान खरीदी के पैसे केन्द्र सरकार ही देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा धान उत्पादन करने वाले किसानों के लिए हमेशा समर्पित रही है।

प्रधानमत्री मोदी ने कहा कि सामाजिक न्याय के साथ विकसित भारत का निर्माण ही भाजपा का लक्ष्य और मॉडल है।

इससे पहले, सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के कारण केन्द्र से राज्य को दी जाने वाली हजारों करोड़ की राशि का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पाया है। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, डॉक्टर रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल सहित पार्टी के कोर ग्रुप के सभी सदस्य उपस्थित थे।

भाजपा ने बिलासपुर में इस महासंकल्प रैली का आयोजन पार्टी द्वारा प्रदेश में निकाली गई दो परिवर्तन यात्राओं के समापन अवसर पर किया था। गौरतलब है कि भाजपा ने बारह सितंबर को दंतेवाड़ा से और पन्द्रह सितंबर को जशपुर से परिवर्तन यात्रा निकाली थी। इन दोनों यात्राओं ने करीब तीन हजार किलोमीटर की दूरी तय करते हुए प्रदेश के सत्‍तासी विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया।

Related posts

Leave a Comment