छत्तीसगढ में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड में 10 माओवादी मारे गए। मुठभेड उस समय शुरू हुई जब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, कोबरा बटालियन, जिला रिजर्व गार्ड और स्पेशल टास्क फोर्स का एक संयुक्त दल बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के गंगालुर क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहा था। इस दौरान पेंड्रा के जंगलों में दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हुई।
बस्तर रेंज के आईजी सुंदर राज पी ने बताया कि इस इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड और स्पेशल टास्क फोर्स की संयुक्त टीम सर्चिंग के लिए रवाना हुई थी। आज सुबह करीब 6 बजे लेन्द्रा के जंगलों में सुरक्षा बलों की माओवादियों के साथ मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद अब तक 10 माओवादियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इसके अलावा इलाके की तलाशी के दौरान एक लाइट मशीन गन और एक बैरल ग्रेनेड लांचर के साथ ही बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए गए हैं। इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है।