चुनाव आयोग ने मिजोरम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनावों के दौरान राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से अपनी चुनाव अभियान गतिविधियों में केवल पर्यावरण-अनुकूल सामग्री का उपयोग करने और एकल-उपयोग प्लास्टिक तथा गैर-जैव अपघटनीय सामग्री से बचने का अनुरोध किया है।
पर्यावरण की रक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए, चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के हित में चुनाव प्रचार का आग्रह करते हुए, सभी मुख्य निर्वाचन अधिकारियों तथा राजनीतिक दलों को चुनाव को पर्यावरण-अनुकूल बनाने के निर्देश जारी किए हैं। राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने भी सभी संबंधित पक्षों से इस संबंध में चुनाव आयोग के निर्देशों की निगरानी करने को कहा है।
