पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर बना गहरे दबाव का क्षेत्र पिछले कुछ घंटों के दौरान 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया। यह और तेज होकर चक्रवाती तूफान में बदल गया है और सवेरे साढे़ ग्यारह बजे आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से लगभग 420 किलोमीटर दूर दक्षिण पूर्व में, उड़ीसा के गोपालपुर से लगभग 530 किलोमीटर दक्षिण दक्षिण-पूर्व में और उड़ीसा के पारादीप से 650 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व के निकट बंगाल के पश्चिम मध्य में स्थित था।
इसके उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने तथा कल सवेरे तक उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट से दूर पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी पहुंचने की संभावना है। बाद में इसके उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ने तथा रविवार दोपहर बाद ओडिशा तट के पास पुरी के निकट पहुंचने की संभावना है। इसके बाद यह पश्चिम बंगाल तट की ओऱ उत्तर-उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ना जारी रख सकता है।
