गृहमंत्री अमित शाह आज से जम्मू-कश्मीर के तीन दिन के दौरे पर रहेंगे। वे माता वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और दो विशाल रैलियों को संबोधित करेंगे। अमित शाह उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे और विकास गतिविधियों का आकलन करेंगे।
गृहमंत्री कल सुबह त्रिकूट पर्वतमाला में श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए जाएंगे। इसके बाद उनका राजौरी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। राजौरी की जनसभा के बाद गृहमंत्री जम्मू लौटेंगे, जहां वे जम्मू-अखनूर फ्लाई-ओवर, जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग और कई अन्य परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। गृहमंत्री शाम में श्रीनगर रवाना होने से पहले भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। अमित शाह बुधवार को दिन में बारामूला में विशाल रैली को संबोधित करेंगे, जिसमें उत्तर कश्मीर के अलावा कश्मीर के अन्य भागों के लोग उपस्थित रहेंगे। गृहमंत्री दोपहर बाद श्रीनगर जाएंगे और आतंक-रोधी कार्यों, घुसपैठ रोकने और कानून व्यवस्था में प्रगति और उच्च स्तरीय सुरक्षा की समीक्षा बैठक की राजभवन में अध्यक्षता करेंगे। अमित शाह जम्मू-कश्मीर में विकास परियोजनाओं को लेकर अलग से समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें विभिन्न विभागों के प्रमुख उपस्थित रहेंगे। गृहमंत्री का घाटी में जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड द्वारा बनाये जा रहे कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखने का भी कार्यक्रम है।