गुजरात में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए प्रचार का आज अंतिम दिन है। चुनाव प्रचार शाम पांच बजे समाप्त होगा। सभी राजनीतिक दल मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह आज दाहोद, खेड़ा और अहमदाबाद जिलों में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। गुजरात में नई विधानसभा के लिए दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण का मतदान पहली दिसंबर को और दूसरे चरण का पांच दिसंबर को होगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा वडोदरा में दो तथा दाहोद में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वडोदरा समेत तीन सभाएं करने का कार्यक्रम है, साथ ही वे गोधरा में रोड शो भी करेंगे। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी गांधी धाम में महिला सम्मेलन तथा रोड शो करेंगी। इसके अलावा भाजपा के केंद्रीय मंत्री मनसुख भाई मांडविया तथा भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या समेत कई वरिष्ठ नेता आज विभिन्न स्थानों पर जनसभाएं करेंगे। दूसरी ओर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश ठाकुर समेत वरिष्ठ नेता आज विभिन्न स्थानों पर पार्टी प्रत्याशियों का प्रचार करेंगे। आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पांच स्थानों पर रोड़ शो करेंगे।