भारत-अफ्रीका रक्षा संवाद गुजरात के गांधीनगर में रक्षा प्रदर्शनी डिफेंस एक्पो – 2022 से अलग मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। रक्षा संवाद के दौरान क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण, साइबर सुरक्षा, समुद्री सुरक्षा और आतंकवाद का मुकाबला करने जैसे क्षेत्रों सहित आपसी जुड़ाव के लिए नए क्षेत्रों का पता लगाया जाएगा। रक्षा संवाद का व्यापक विषय है- भारत-अफ्रीका: रक्षा और सुरक्षा सहयोग अभिसरण तथा सुदृढ़ीकरण के लिए रणनीति अपनाना। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अफ्रीकी देशों के रक्षा मंत्रियों की मेजबानी करेंगे।
भारत और अफ्रीका के बीच घनिष्ठ और ऐतिहासिक संबंध रहे हैं। अफ्रीका के साथ भारत के संबंध 2018 में कंपाला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सुझाए गए सिद्धांतों से निर्देशित है। भारत और अफ्रीका के रक्षा मंत्रियों का पहला सम्मेलन उत्तर प्रदेश के लखनऊ में रक्षा प्रदर्शनी 2020 के साथ आयोजित किया गया था।