गुजरात के अहमदाबाद में भगवान जगन्‍नाथ की वार्षिक रथ यात्रा शुरू

गुजरात के अहमदाबाद में भगवान जगन्‍नाथ की वार्षिक रथ यात्रा शुरू हो गई है। अहमदाबाद में जमालपुर के जगन्‍नाथ मंदिर से रथ यात्रा शुरू होने से पहले केन्‍द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज सुबह मंगल आरती की। मुख्‍यमंत्री विजय रूपाणी और उप मुख्‍यमंत्री नितिन पटेल ने पहंडी की विधि संपन्‍न की।

गुजरात सरकार और मंदिर के प्रशासकों ने आज की रथ यात्रा लोगों को शामिल किये बिना पूरी हो सके, इसके लिए व्यापक प्रबंध किये हैं। इस तरह इस बार की रथ यात्रा में रंगों से शुशोभित 11 हाथी, सैंकड़ों ट्रकें और भजन मण्डलीया शामिल नहीं हैं। आज की रथ यात्रा के लिए भगवान के तीन रथों के अलावा मंदिर के महंत और ट्रस्टी के लिए दो अतिरिक्त वाहनों की अनुमति दी गई है। कोविड नियमों के कड़ाई से पालन के साथ रथ यात्रा शांति पूर्ण तरीके से संपन्न हो इस लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गए है। रथ यात्रा के मार्ग पर भगवान के दर्शन के लिए लोगो की भीड़ को एकत्र होने से रोकने के लिए रथ यात्रा के 19 किलोमीटर के मार्ग पर कर्फ्यू लगा दिया गया है। समान्य तौर पर 12 घंटे में पूरी होने वाली रथ यात्रा को इस बार पांच घंटो में पूरी करने के लिए कहा गया है।

गृहमंत्री अमित शाह ने जगन्‍नाथ रथयात्रा की शुभंकामनाएं दी है। श्री शाह ने एक ट्वीट में महाप्रभु जगन्‍नाथ की कृपा से लोगों के जीवन में स्‍वास्‍थ्‍य, सौभाग्‍य और समृद्धि की कामना की है।

उप-राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने रथयात्रा के अवसर पर लोगों को बधाई दी है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि पुरी में होने वाली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा ओडिसा समेत पूरे भारत के श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत पावन और बहुप्रतीक्षित उत्सव है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव देश की विविधता और समावेशी संस्कृति का प्रतीक है।

Related posts

Leave a Comment