गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल कल नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर होगी। दिल्ली पुलिस ने परेड के सुचारू संचालन के लिए व्यापक यातायात व्यवस्था की है। रिहर्सल सुबह साढे दस बजे विजय चौक से शुरू होकर लाल किला रवाना होगी। परेड विजय चौक, कर्तव्यपथ, सी-हेक्सागन, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा, तिलक मार्ग से लाल किले तक जाएगी। पुलिस ने यात्रियों से इन मार्गों से बचने और उसी के अनुसार यात्रा की योजना बनाने का अनुरोध किया है। दिल्ली पुलिस ने यातायात परामर्श में कहा है कि परेड खत्म होने तक कर्तव्यपथ पर विजय चौक से इंडिया गेट तक किसी भी तरह का आवागमन नहीं होगा।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सभी मेट्रो स्टेशन खुले रहेंगे, लेकिन केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन पर सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रवेश और निकासी की अनुमति नहीं होगी।
गणतंत्र दिवस परेड 2023 के दौरान 17 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और 6 विभिन्न मंत्रालयों/विभागों की कुल तेईस झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी
26 जनवरी,2023 को कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के दौरान 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 23 झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। इनके अलावा परेड में केन्द्रीय मंत्रालयों तथा विभागों की छह झांकियां भी शामिल होंगी। इन झांकियों में देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, आर्थिक और सामाजिक प्रगति तथा आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा को दर्शाया जाएगा।
इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड के दौरान देश की भौगोलिक और समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हुए को विभिन्न सफलताओं को प्रदर्शित किया जाएगा। 17 झांकियां असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, दादर नगर हवेली तथा दमन व दीव, गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक एवं केरल जैसे राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों की ऐतिहासिक विरासत वाली झलक प्रस्तुत करेंगी।
