केरल में पलक्कड़ में परमबिकुलम जलाशय से पानी छोड़े जाने के बाद चलाक्कुडी नदी के किनारे त्रिशूर जिले में जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। नदी किनारे रहने वाले लोगों से एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है। नदी पहले से ही उफान पर है।
सोलायर जलाशय से इस सुबह पानी छोड़े जाने और इसके बाद परमबिकुलम से पानी छोड़े जाने के बाद नदी किनारे के निचले इलाकों में स्थिति के और बिगड़ने की आशंका है। इन जलाशयों में छोड़े गये पानी के आज शाम तक इस क्षेत्र में पहुंचने की संभावना है। हालांकि, परमबिकुलम बांध केरल में है पर इसका संचालन और रख-रखाव तमिलनाडु द्वारा किया जाता है।
इस बीच, मौसम विभाग ने इस महीने की 20 तारीख से केरल और लक्षदीप में एक या दो स्थानों पर लगातार तीन दिन तेज से बहुत तेज बारिश होने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही हवा की गति के चालीस से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने, तूफान आने और गरज के साथ वर्षा होने की संभावना भी है। इस दौरान मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गयी है।