केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और जनजातीय कार्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने आज स्कूल इनोवेशन एंबेसडर ट्रेनिंग प्रोग्राम का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य 50 हजार स्कूली शिक्षकों को नवाचार, उद्यमिता, डिजाइन की रूपरेखा तैयार करने, प्रोडेक्ट डेवलेपमेंट और नयी सोच विकसित करने का प्रशिक्षित देना है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा शिक्षा मंत्रालय के नवोन्मेष अनुभाग और शिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थान -एआईसीटीई ने तैयार की है। प्रशिक्षण केवल ऑनलाइन माध्यम से दिया जाएगा।
इस अवसर पर जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों और छात्रों के क्षमता निर्माण में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय देश के दूरस्थ इलाकों में जनजातीय युवाओं के सशक्तिकरण के लिए सबसे शक्तिशाली माध्यम हैं जिससे वे समग्र विकास के साथ-साथ गुणवत्तापरक शिक्षा प्राप्त करते हैं।