केन्द्र ने कोविड संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए राज्यों से अस्थायी अस्पताल और नियंत्रण कक्ष स्थापित करने को कहा

केन्द्र ने कोविड संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए राज्यों से कहा है कि वे अस्थायी अस्पतालों की व्यवस्था शुरू करें ताकि जरूरतमंदों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ें। केन्द्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों के मुख्य सचिवों और स्वास्थ्य सचिवों को लिखे पत्र में कहा है कि अस्थायी अस्पतालों के निर्माण में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन, वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद, निजी क्षेत्र, निगम और गैर-सरकारी संगठनों का सहयोग लिया जा सकता है। राज्यों को यह सलाह भी दी गई है कि वे होटल के कमरों तथा सरकारी और निजी क्षेत्रों में कोविड अस्पतालों से जुड़े केन्द्रों का उपयोग कोविड उपचार केन्द्र के रूप में करने पर विचार करें।

राजेश भूषण ने कहा कि हर स्तर पर नियंत्रण-कक्षों को सक्रिय किया जाना चाहिए। जांच, एम्बुलेंस और अस्पताल में बिस्तर उपलब्धता की सुनिश्चित व्यवस्था होनी चाहिए और आम जनता को इसकी जानकारी दी जानी चाहिए। राज्यों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं कि कोविड के सभी मौजूदा केन्द्रों में सभी सुविधाएं उपलब्ध हों। राजेश भूषण ने सुझाव दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों और शिशुओं के स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने राज्यों से कहा है कि वे ऑक्सीजन, दवा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की नियमित रूप से समीक्षा करें। राजेश भूषण ने राज्यों को कोविड के विरुद्ध संघर्ष में हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।

Related posts

Leave a Comment