केंद्र सरकार ने सूक्ष्म और लघु उद्यम क्लस्टर विकास कार्यक्रम के लिए नए दिशा-निर्देश की अनुमति दे दी है। इन दिशा-निर्देशों को 15वें वित्त आयोग की समयावधि में कार्यान्वित किया जाएगा। इसका उद्देश्य साझा सुविधा केंद्रों और बुनियादी विकास में हस्तक्षेप के माध्यम से सूक्ष्म और लघु उद्यमों की प्रतिस्पर्धा और उत्पादन बढ़ाना है।
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय ने कहा है कि सरकार साझा सुविधा केंद्रों के लिए अनुदान को पांच करोड़ रुपये से दस करोड़ की लागत की परियोजना के 70 प्रतिशत और दस करोड़ से तीस करोड़ रुपये की परियोजनाओं के साठ प्रतिशत भाग तक सीमित किया जाएगा। द्वीपीय क्षेत्रों और आकांक्षी जिलों समेत पूर्वोत्तर और पर्वतीय राज्यों के लिए अनुदान परियोजना की लागत का अस्सी और सत्तर प्रतिशत दिया जाएगा।
मंत्रालय ने यह भी कहा है कि बुनियादी विकास के लिए अनुदान नए औद्योगिक क्षेत्र, फ्लैटिड फैक्टरी परिसर स्थापित करने के लिए पांच करोड़ से 15 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की लागत के साठ प्रतिशत तक सीमित किया जाएगा। वर्तमान में औद्योगिक क्षेत्रों, फ्लैटिड फैक्टरी परिसर को उन्नत बनाने के लिए पांच करोड़ से दस करोड़ रुपये की परियोजनाओं की लागत का 50 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा।