केंद्र सरकार ने आज तुअर और उड़द का उत्पादन और उपभोग करने वाले प्रमुख राज्यों के साथ इनके स्टॉक की स्थिति की समीक्षा की। पंजीकृत कंपनियों की संख्या और दिखाए गए स्टॉक की मात्रा के बारे में राज्यों के साथ अलग-अलग समीक्षा की गई। कुछ राज्यों में तुअर के स्टॉक की मात्रा, उत्पादन और खपत की तुलना में कम पाई गई है। उपभोक्ता मामलों के विभाग के सचिव रोहित कुमार सिंह ने राज्यों को स्टॉक का सत्यापन करने और अघोषित स्टॉक पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान, राज्यों ने सूचित किया कि वे निगरानी तेज कर रहे हैं। उन्होंने स्टॉक डिस्क्लोजर पोर्टल पर अनिवार्य पंजीकरण और स्टॉक का खुलासा सुनिश्चित करने के लिए उनके द्वारा उठाए गए कदमों को साझा किया। जमीनी स्तर पर स्थिति का आकलन करने के लिए, उपभोक्ता मामलों के विभाग ने विभिन्न राज्यों की राजधानियों और जिलों में प्रमुख तुअर उत्पादक और व्यापारिक केंद्रों में 12 वरिष्ठ अधिकारियों को नियुक्त किया है। वे विभिन्न विपणनकर्ताओं, मिलों और स्टोरेज ऑपरेटरों से जमीनी स्तर पर फीडबैक प्राप्त करेंगे। बैठक में आंध्र प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।