केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर मनसुख मांडविया ने आज कोविड-19 की स्थिति पर भारतीय चिकित्सा संघ-आईएमए के साथ वर्चुअल बैठक की। मनसुख मांडविया ने कोरोना से बचाव के संबंध में देशभर के लगभग सौ स्वास्थ्यकर्मियों और विशेषज्ञों के साथ बातचीत की।
कुछ दिन पहले उन्होंने वैश्विक स्तर पर कोविड मामले बढने पर राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ भी बैठक की थी। उन्होंने राज्यों को सतर्क रहने और कोरोना उपचार के लिए तैयार रहने की सलाह दी। डॉक्टर मनसुख मांडविया ने सभी पॉजिटिव मामलों की जीनोम सीक्वेंसिंग जांच करने के निर्देश दिए ताकि नए वेरिएंट का पता लगाया जा सके।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की और सतर्कता बढाने की सलाह दी थी। आगामी त्यौहारों को देखते हुए उन्होंने सभी से मास्क पहनने और रोगों से बचने के लिए उचित व्यवहार का पालन करने का आग्रह किया था।
भारत ने 30 करोड़ से अधिक आयुष्मान भारत स्वास्थ्य पहचान पत्र-आभा कार्ड बनाने की उपलब्धि हासिल की
भारत ने 30 करोड़ से अधिक आयुष्मान भारत स्वास्थ्य पहचान पत्र-आभा कार्ड बनाने की उपलब्धि हासिल कर ली है। स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत डिजीटल मिशन तकनीकी के इस्तेमाल से देश के नागरिकों के जीवन को सरल बना रहा है।
आयुष्मान भारत स्वास्थ्य एकाउंट के माध्यम से भारतीय डिजीटल तरीके से अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को जांच सकेंगे और उनका प्रबंधन कर सकेंगे। यह नागरिकों को देश भर के अस्पतालों में अपने स्वास्थ्य रिकॉर्डों के रख-रखाव में सहायता करेगा जिससे उनका उपचार आसानी से हो सकेगा।