केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर जिले के लुहनु क्रिकेट मैदान में सांसद खेल महाकुम्भ के तीसरे चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने खेलों को बढावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं जिसका यह परिणाम है कि भारतीय खिलाडी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहले से अच्छे प्रदर्शन कर रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि सांसद खेल महाकुम्भ के दूसरे चरण में लगभग 45 हजार युवाओं ने भाग लिया और यह कार्यक्रम युवकों को नशीली दवाओं से दूर रखने तथा उन्हें खेलों के बारे में जागरूक बनाने में असरदार साबित हुआ है।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के छह बागी विधायकों और राजनीतिक संकट के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि राज्य में वर्तमान राजनीतिक स्थिति के लिए कांग्रेस सरकार स्वयं जिम्मेदार है। कर्नाटक में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की जीत के बाद पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाने के मुद्दे पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस देश विरोधी ताकतों का समर्थन करती है, यह एक बार फिर साबित हो गया है।
