कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा है कि मेंगलुरू विस्फोट के आतंकी गतिविधि होने का संदेह है। कल बेल्लारी में संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री बोम्मई ने कहा कि कल ऑटो रिक्शा में रखे एक प्रेशर कुकर में विस्फोट हुआ। घायल वाहन चालक और एक यात्री का अस्पताल में उपचार चल रहा है और वे कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं। प्रेशर कुकर में डेटोनेटर, तार और बैटरी लगी थी।
मुख्यमंत्री बोम्मई ने बताया कि पुलिस ने घायल यात्री का मूल पता और उसके ठहरने की जगह मालूम कर ली है। उसके पास फर्जी आधार कार्ड पाया गया। उसके कोयम्बतूर सहित देश के कई स्थानों पर जाने का संदेह है। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह मामला राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण को सौंप दिया गया है। आरंभिक जांच के बाद पुलिस को संदेह है कि घायल यात्री का संबंध आतंकी संगठनों से हो सकता है। पी.एफ.आई. से संपर्क के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच एजेंसियां इसका पता लगा रही हैं।