फीफा फुटबॉल विश्व कप आज शाम कतर में शुरू

फीफा फुटबॉल विश्व कप आज शाम कतर में शुरू

फीफा फुटबॉल विश्व कप का आज कतर की राजधानी, दोहा में रंगारंग शुभारंभ होगा। अल-खोर के अल-बयात स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में दक्षिण कोरियाई ब्वाय बैंड बी.टी.एस. जंगकूक “ड्रीमर्स” की प्रस्तुति देंगे, वहीं अन्य कलाकारों में ब्लैक आइड पीस, रोबी विलियम्स और नोरा फतेही शामिल होंगी। उद्घाटन मैच में मेजबान कतर का मुकाबला इक्वाडोर के साथ रात साढ़े नौ बजे होगा। लियोनल मैसी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो और नेमार जैसे दिग्गज फुटबाल खिलाड़ियों का यह संभावित अन्तिम विश्व कप होगा।

मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना की टीम 2014 विश्‍वकप के फाइनल में पहुंची थी। 35 वर्षीय मेसी ट्राफी जीतकर अंतरराष्ट्रीय फुटबाल से शानदार तरीके से विदाई लेना चाहेंगे। 37 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो कतर में अपना पांचवां विश्व कप खेलने उतरेंगे। ब्राजील के स्टार स्ट्राइकर नेमार का यह तीसरा और आखिरी विश्व कप होगा। जर्मनी के थामस मुलर पोलैंड के राबर्ट लेवान-दोवस्की, जर्मनी के मैनुअल नुएर, फ्रांस के करीम बेंजेमा, अर्जेंटीना के एंजल डि मारिया और बेल्जियम के केविन डि ब्रूने भी अपने अंतिम विश्‍वकप में शानदार खेल के साथ प्रशंसकों का दिल जीतने की कोशिश करेंगे।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ विश्व कप के उद्घाटन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया है कि भारत और कतर के बीच व्यापार, सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में बहु-आयामी साझेदारी के साथ घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। पिछले वित्त वर्ष में, दोनों देशों के बीच 15 अरब अमरीकी डॉलर से अधिक का द्विपक्षीय व्यापार हुआ था। उपराष्ट्रपति भारतीय समुदाय से भी मिलेंगे।

Related posts

Leave a Comment