चीन के हांगझू में एशियाई पैरा खेलों के दूसरे दिन भारत ने शानदार शुरुआत की। पुरुषों की पैरा कैनोइंग में, मनीष कौरव ने केएल-3 श्रेणी में कांस्य पदक जीता। महिलाओं की पैरा कैनोइंग केएल-2 श्रेणी में, प्राची यादव ने पहला स्वर्ण और अपना दूसरा पदक हासिल किया। महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में सिमरन को रजत पदक मिला। इससे भारत की कुल पदक संख्या 24 हो गई है, जिसमें 8 स्वर्ण, 8 रजत और 8 कांस्य पदक शामिल है। आज पॉवरलिफ्टिंग, ब्लाइंड फुटबॉल, एथलेटिक्स, बोस्किया सहित कई रोमांचक प्रतियोगिताएं हो रही हैं।
अवनि लेखारा ने कल 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। अरुणा तंवर ने पैरा ताइक्वांडो में भारत के लिए पहला कांस्य पदक हासिल कर इतिहास रच दिया। पुरुष क्लब थ्रो में प्रणव सूरमा, धरमबीर और अमित सिरोहा ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीता। भारत ने एशियाई पैरा खेलों में 303 एथलीटों का दल भेजा है, जो 17 स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं। 2018 में इंडोनेशिया में एशियाई पैरा खेलों में भारत ने 72 पदक जीते थे, जिसमें 15 स्वर्ण, 24 रजत और 33 कांस्य पदक शामिल थे। भारत अब अपने 2018 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पार करने की उम्मीद कर रहा है।