सरकार ने एयर इंडिया से कहा है कि वह काबुल से आपातकालीन निकासी के लिए दो विमानों को स्टैंडबाय पर रखे। एयर इंडिया ने काबुल से नई दिल्ली के लिए आपातकालीन ऑपरेशन के लिए एक दल तैयार किया है। एयर इंडिया की दिल्ली से काबुल जाने वाली फ्लाइट अब रात 8:30 बजे की बजाय 12:30 बजे उड़ान भरेगी।
इस बीच, अफगानिस्तान से 129 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया का एक विमान कल शाम नई दिल्ली पहुंचा। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एयर इंडिया ने आज भारतीय नागरिकों को अफगानिस्तान से लाने के लिए दूसरी उड़ान की भी व्यवस्था की है।
अफगानिस्तान में तालिबान ने राजधानी काबुल में घुसने के कुछ घंटे बाद ही राष्ट्रपति भवन पर कब्ज़ा कर लिया। राष्ट्रपति अशरफ गनी और उपराष्ट्रपति अमरउल्ला सालेह अफगानिस्तान छोड़कर तजिकिस्तान रवाना हो गए हैं। अनेक राजनयिक अधिकारी और अन्य अफगानी लोग देश छोड़कर चले गए हैं। अफगान सरकार के मंत्री, सरकारी कर्मचारी और सैकड़ों की संख्या में अन्य लोगों से हवाई अड्डे का टर्मिनल भरा हुआ था और सब बेचैनी के साथ अपनी उड़ानों का इंतजार कर रहे थे। इनमें अनेक महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।