उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने हमारा संविधान, हमारा सम्मान अभियान का शुभारंभ किया

उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भारत के गणतंत्र के रूप में 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में आज नई दिल्‍ली में हमारा संविधान, हमारा सम्‍मान अभियान शुरू किया। उपराष्‍ट्रपति धनखड ने इस अवसर पर कहा कि राष्‍ट्र उन नायकों को या‍द कर रहा है जिन्‍हें भूला दिया गया। उन्होंने कहा कि देशवासियों ने भारत को नये रूप में देखा है। उन्‍होंने कहा कि भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बडी अर्थव्‍यवस्‍था बन गया है और जल्‍द ही तीसरी सबसे बडी अर्थव्‍यवस्‍था बन जाएगा। उन्‍होंने कहा कि समूचा विश्‍व भारत की ओर देख रहा है। उपराष्‍ट्रपति धनखड़ ने कहा कि देश के लोग ब‍हुत प्रतिभाशाली हैं और उनके लिये कुछ भी असंभव नहीं हैं।

इस मौके पर कानूनी सेवाओं का दायरा पंक्ति में खडे अंतिम व्‍यक्ति तक बढ़ाने के उद्देश्‍य से महत्‍वपूर्ण पहल ‘न्‍याय सेतु’ भी शुरू की गई। इसमें सबको न्‍याय-हर घर न्‍याय, नव-भारत नव-संकल्‍प और विधि जागृति अभियान जैसी थीम शामिल की गई है। विधि‍ मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि आज के अभियान का मुख्‍य उद्देश्‍य सभी नागरिकों तक न्‍याय की पहुंच को बढ़ाना है। उन्‍होंने कहा कि संविधान में सभी समस्‍याओं का समाधान है। उन्‍होंने कहा कि संविधान के आधार पर ही तीन तलाक जैसी सामाजिक कुप्रथाओें को समाप्‍त किया गया और अनुच्‍छेद 370 को निरस्‍त किया गया।

Related posts

Leave a Comment