उत्‍तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 61 और पंजाब में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ

उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण की 59 तथा पंजाब की सभी एक सौ 17 विधानसभा सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच कल मतदान सम्‍पन्‍न हो गया। उत्तर प्रदेश में करीब 61 प्रतिशत मतदान हुआ। उत्‍तर प्रदेश के 16 जि‍लों में शाम पांच बजे तक लगभग दो करोड़ छह लाख मतदाताओं ने वोट डाले। इस चरण में कुल छह सौ 27 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

पंजाब में लगभग 70 प्रतिशत वोट डाले गये। शहरी क्षेत्रों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक मतदान दर्ज किया गया। वर्ष 2017 में पंजाब में 77 दशमलव 4 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार के चुनाव में 93 महिला और दो किन्‍नरों सहित कुल एक हजार तीन सौ चार उम्‍मीद्वार मैदान में थे।

वोटों की गिनती दस मार्च को होगी।

निर्वाचन आयोग ने चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की अधिकतम संख्या और उनकी सूची जमा कराने की अधिकतम समय सीमा तत्काल प्रभाव से बहाल कर दी है। आयोग ने यह निर्णय कोरोना संक्रमण में कमी और केन्‍द्र तथा राज्य सरकारों द्वारा धीरे-धीरे पाबंदिया हटाने के कारण लिया है। आयोग ने कहा है कि अब स्टार प्रचारकों की संख्या मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के लिए 40 और अन्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के लिए 20 होगी।

Related posts

Leave a Comment