उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के लोगों से तेज बारिश की स्थिति को देखते हुए सावधान रहने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने सभी जिला मजिस्ट्रेटों और आयुक्तों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के आदेश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश के कई भागों में पिछले 36 घंटों से तेज बारिश हो रही है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य के शिक्षा संस्थाओं को आज और कल के लिए बंद कर दिया गया है।
लखनऊ के कई इलाकों में लोगों के घरों में बारिश का पानी घुस गया और बिजली की व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है लखनऊ के जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नरेट की तरफ से लोगों को सलाह दी गई है कि बिना आवश्यक कार्य के बाहर ना निकले। सड़कें और चौराहे पानी में डूबे हैं तो वहीं अंडर पास भी बारिश के पानी से भर गए हैं। कमोबेश यही हालात राज्य के कई अन्य जिलों में भी हैं और वर्षा जनित हादसों में कई लोगों की जानें चली गई है। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम ऐसा ही रहेगा।