उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत नौ जिलों की 59 सीटों पर मतदान जारी है और 1 बजे तक औसतन 37.45% प्रतिशत मतदान हो चुका था। मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा।
इस चरण में कुल 624 उम्मीदवार मैदान में हैं। चौथे चरण में जिन प्रमुख उम्मीदवारों की प्रतिष्ठा दांव पर है उनमें प्रदेश के कानून मंत्री बृजेश पाठक (लखनऊ कैंट), मंत्री आशुतोष टंडन (लखनऊ पूर्वी) पूर्व मंत्री सपा प्रत्याशी अभिषेक मिश्रा (सरोजिनी नगर), उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल (हरदोई) शामिल हैं। इसके अलावा नेहरू-गांधी परिवार का ‘गढ़’ माने जाने वाले रायबरेली में भी चौथे चरण में मतदान हो रहा है। यहां कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई अदिति सिंह एक बार फिर मैदान में हैं।
आयोग द्वारा निष्पक्ष, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिये व्यापक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है। कोविड-19 के मद्देनजर मतदेय स्थलों पर थर्मल स्कैनर, सेनिटाइजर, दस्ताने, मास्क,, पीपीई किट, साबुन, पानी वगैरह की व्यवस्था की गई है।
चौथे चरण के चुनाव में कुल 24,643 मतदेय स्थल तथा 13,817 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग द्वारा 57 सामान्य प्रेक्षक, नौ पुलिस प्रेक्षक तथा 18 व्यय प्रेक्षक भी तैनात किये गये हैं। इसके अतिरिक्त 1,712 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 210 जोनल मजिस्ट्रेट, 105 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 3,110 ‘माइक्रो ऑब्जर्वर’ भी तैनात किये गये हैं।