उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड की रोकथाम और इलाज के लिए प्रभावी व्यवस्था जारी रखने के निर्देश दिए

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहचान, परीक्षण और उपचार की नीति के साथ कोविड की रोकथाम और इलाज के लिए प्रभावी व्यवस्था जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है इसलिए संक्रमण रोकने के बारे में पूरी निगरानी और चौकसी बरतने की ज़रूरत है। मुख्यमंत्री कल लखनऊ में कोविड स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। राज्य में कोविड संक्रमण की संख्या लगातार कम हो रही है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कोरोना संक्रमण के मात्र 524 नए मामले सामने आए, वहीं इस अवधि के दौरान एक हजार 757 कोविड मरीज स्वस्थ हो गए। अब राज्य में कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 9 हजार 806 हो गयी है। कोरोना संक्रमण से ठीक होने की दर बढ़कर 98 दशमलव एक प्रतिशत हो गई है। वहीं कोरोना संक्रमण की पॉजिटिविटी दर घटकर शून्‍य दशमलव दो प्रतिशत पर आ गई है। राज्य में कोरोना टीकाकरण का कार्य केंद्र के दिशा-निर्देशों के अनुसार जारी है और इसी जून महीने में एक करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य है। अब तक प्रदेश में 2 करोड़ 24 लाख 68 हजार 959 टीके लग चुके हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीकाकरण को तीन गुना तक बढ़ाने और आने वाले महीनों में प्रति दिन 10 लाख टीके की खुराक लगाने की की बात दोहराई है।

Related posts

Leave a Comment