उत्तर-पूर्व मॉनसून के आज देश के दक्षिण-पूर्व प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में पहुंचने संभावना है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु में तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। अगले कुछ दिनों में पुद्दुचेरी, केरल और आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है।
सोमवार और मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्तिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में वर्षा होने का अनुमान है। देश के बाकी हिस्सों में अगले पांच दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में आसमान साफ रहेगा। चेन्नई में हल्की वर्षा हो सकती है। जम्मू, श्रीनगर, लेह और मुजफ्फराबाद में आसमान साफ रहेगा। गिलगित में बादल छाए रह सकते हैं।
हैदराबाद में धुंध छायी रहेगी। बंगलुरू में सुबह में कोहरा छाया रहने का अनुमान है। तिरुअनंतपुरम में गरज के साथ वर्षा हो सकती है।
पूर्वोत्तर में गुवाहाटी, शिलॉंग, अगरतला, आइजोल, इम्फाल, गंगटोक और कोहिमा में सुबह धुंध छाई रहेगी। ईटानगर में बादल छाये रहेंगे।