भारत और चीन की सेनाओं की वापसी की पुष्टि जनसत्ता की बड़ी सुर्खी है। दैनिक ट्रिब्यून लिखता है- पूर्वी लद्दाख में गतिरोध खत्म करने की सफल पहल, अस्थाई ढांचे भी हटाये गए। पीछे लौटे भारत और चीन के सैनिक।
बंगाल में भ्रष्टाचार पर भाजपा के विरोध मार्च के दौरान हुई झड़प, आगजनी और पथराव पर आज अधिकांश अखबारों ने विस्तार से समाचार दिया है। हरिभूमि के शब्द है- भ्रष्टाचार पर बंगाल में बवाल।
जनसत्ता ने बड़े अक्षरों में मुखपृष्ठ पर लिखा है- कोरोना की दूसरी लहर पर संसदीय समिति की रिपोर्ट में लापरवाही का इशारा, समय पर कार्रवाई होती तो कई लोगों की जान बच सकती थी।
अखबारों ने कैंसर और संक्रमण रोधी दवाएं सस्ती होने की खबर को भी महत्व दिया है। हिन्दुस्तान ने राहत शीर्षक से लिखा है- दवाओं की राष्ट्रीय सूची में संसशोधन, अब मूल्य नियंत्रण कानून के दायरे में आयेंगी। पत्र लिखता है- जरूरी दवाएं जेब पर भारी नहीं पड़ेंगी। जनसत्ता ने लिखा है- सूची में तीन सौ 84 दवाएं शामिल हैं।
राजस्थान पत्रिका ने हिन्दी दिवस विशेष शीर्षक से बड़ा आलेख पहले पन्ने पर दिया है। पत्र का मानना है- हिन्दी भाषीयों में अपनी पैठ बढ़ाने के लिए हिन्दी इंटरफेस बनाने पर मजबूर हुईं बहुराष्ट्रीय कम्पनियां। लिखा है- भाषा का चमत्कार, डिजिटल रोजगार क्षेत्र में बढ़ी हमारी पीढ़ी की रफ्तार। पत्र ने जानकारी दी है कि वेबसाइट पर भाषावार सामग्री की दृष्टि से शीर्ष दस में हिन्दी शामिल।
पेंशनधारकों को राहत शीर्षक से कुछ अखबारों की खबर है- डिजिटल रूप में जमा करा सकेंगे जीवन प्रमाण पत्र।
हिन्दुस्तान ने लिखा है- साल के अंत तक गगनयान की परीक्षण उड़ान होने की उम्मीद है।
नवभारत टाइम्स ने मौसम के हवाले से लिखा है- दिल्ली और आसपास रात के तापमान में कमी आने लगी है। आज मौसम में और अधिक बदलाव दर्ज हो सकते हैं। पत्र लिखता है- रात की बारिश के बाद दिखाई दिया सुन्दर नीला आकाश।