चंद्रयान-3 के प्रज्ञान की चंद्रमा पर चहलकदमी अखबारों की बडी खबर है। जनसत्ता की सुर्खी है- प्रज्ञान की अब चांद पर परीक्षा, लैंडर विक्रम से बाहर निकलकर रोवर ने शुरू किया काम। रोवर चांद की सतह पर घूम कर वहां मौजूद रसायन का विश्लेषण करेगा। लैंडर और रोवर के पास वैज्ञानिक उपकरण हैं जो चांद की सतह पर प्रयोग करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच वार्ता को अखबारों ने महत्व दिया है। अमर उजाला लिखता है- पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा से सैनिकों की जल्द वापसी पर दोनों नेता सहमत। ब्रिक्स सम्मेलन के मौके पर दोनों नेताओं की संक्षिप्त मुलाकात। पंजाब केसरी के शब्द हैं- सामान्य संबंधों के लिए वास्तविक नियंत्रण रेखा पर शांति जरूरी। प्रधानमंत्री मोदी के तेवरों के आगे झुके शी चिनफिंग, भारत की चिंताओं को जायज बताया।
दैनिक जागरण का कहना है- चीन की आर्थिक कमजोरी भारत के लिए भी चिंताजनक। भारत के लिए चीन दूसरा सबसे बडा आयातक और चौथा सबसे बडा निर्यातक। कई आर्थिक एजेंसियों ने कहा कि चीन के चार दशक के विकास के आर्थिक अवसान का समय आया। चीन की मौजूदा स्थिति चुनौतियों के साथ संभावनाओं के द्वार भी खोलेगी।
हिन्दुस्तान की खबर है- डाकघर के एक खाते से तीन लोग जुड सकेंगे, सरकार ने छोटी बचत योजनाओं में संशोधन किये। जमा राशि पर ब्याज की गणना में भी परिवर्तन। निकासी नियम में भी बदलाव।
नवभारत टाइम्स लिखता है- जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान दिल्ली में केन्द्र सरकार के सभी कार्यालय आठ से दस सितम्बर तक रहेंगे बंद। कार्मिक मंत्रालय ने इस बारे में आदेश जारी किया।
दैनिक भास्कर ने मेंटल हेल्थ सर्वे के हवाले से लिखा है- 73 प्रतिशत कर्मचारियों ने कहा, तनाव से प्रदर्शन पर पड रहा है ज्यादा असर।