आज का अखबार हिंदी 2 सितंबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

आज का अखबार हिंदी 2 सितंबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

भारत के पहले सौर मिशन आदित्‍य एल-1 की लॉन्चिंग की खबर आज के अनेक अखबारों की पहली सुर्खी है। राजस्‍थान पत्रिका ने लिखा है – अब सूर्य नमस्‍कार। आज अंतरिक्ष में एक और ऐतिहासिक छलांग। दैनिक ट्रिब्‍यून लिखता है कि आज सूरज से मिलेगी नजर। दैनिक हिन्‍दुस्‍तान ने बताया है – आदित्‍य रोज एक हजार 440 तस्‍वीरें पृथ्‍वी पर भेजेगा। फरवरी में मिलेगी पहली तस्‍वीर।

एक राष्‍ट्र, एक चुनाव के लिए सरकार की पहलकदमी जनसत्‍ता की पहली हेडलाइन है। पत्र ने लिखा है – कोविंद की अध्‍यक्षता में बनाई समिति, अटकलों का नया दौर। दैनिक जागरण ने एक राष्‍ट्र, एक चुनाव पर अमल की कानूनी प्रक्रिया का उल्‍लेख किया। राष्‍ट्रीय सहारा ने बॉक्‍स में लिखा है – पांच संविधान संशोधनों की होगी जरूरत। दैनिक भास्‍कर ने इसे चुनावी खेला में बडा ट्विस्‍ट कहा है। देश बंधु ने इससे क्षेत्रीय दलों को झटका लगने की आशंका व्‍यक्‍त की है। देश के 28 विपक्षी दलों के गठबंधन आई एन डी आई ए की मुंबई बैठक अखबारों के पहले पन्‍ने पर सचित्र है। नवभारत टाइम्‍स कहता है – लोकसभा चुनाव की बिसात पर विपक्ष और सरकार दोनों ने चलीं गोटियां। 28 विपक्षी दल मिलकर लडेंगे, अहम फैसलों के लिए समिति। एक देश एक चुनाव पर केंद्र ने बना दी कमिटी। राष्‍ट्रीय सहारा की हेडलाइन है – बगैर चेहरा एकजुट होकर लडेगा, आई एन डी आई ए।

अमान्‍य विवाह से जन्‍मे बच्‍चे का भी पिता की संपत्ति पर अधिकार के सर्वोच्‍च न्‍यायालय का फैसला को दैनिक भास्‍कर, जनसत्‍ता, दैनिक ट्रिब्‍यून, राजस्‍थान पत्रिका और राष्‍ट्रीय सहारा सहित अनेक अखबारों में है। नवभारत टाइम्‍स ने हक की बात शीर्षक से लिखा है – सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया कि यह व्‍यवस्‍था हिंदू ज्‍वाइंट फैमिली की संपत्ति के लिए लागू होगी। राजस्‍थान पत्रिका ने अमान्‍य विवाहों की सूची दी है।

Related posts

Leave a Comment