कोहरे के कारण उडानों के परिचालन में आ रही दिक्कतों से निपटने के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय की तैयारियों की घोषणा लगभग सभी अखबारों में है। हिन्दुस्तान की सुर्खी है- दिल्ली समेत छह एयरपोर्ट पर वॉर रूम बनाने होंगे। नवभारत टाइम्स लिखता है- फ्लाइट्स के बारे में दिन में तीन बार देनी होगी रिपोर्ट।
22 जनवरी को रामलला के विग्रह के प्राण प्रतिष्ठा से पहले आनंद उत्सव में डूबी रामनगरी दैनिक जागरण की पहली खबर है। हरिभूमि की सुर्खी है- अनुष्ठानों की शुरूआत प्रायश्चित पूजन और कर्म कुटी पूजन से। राजस्थान पत्रिका ने इसे शुभ घडी बताते हुए लिखा है- विभिन्न राज्यों के 25 वाद्ययंत्रों से प्रतिष्ठा महोत्सव होगा सम्पन्न। पत्र लिखता है- राम मंदिर परिसर में दो घंटे गूजेंगी मंगल ध्वनि।
डीपफेक पर अंकुश के लिए सात दिन में सख्त आई टी नियम लाएगी सरकार, दैनिक भास्कर में है। पत्र के अनुसार सोशल मीडिया मंचों को बनाया जाएगा जवाबदेह, होगी कडी कार्रवाई, डायरेक्ट मोबाइल तकनीकी का पायलट परियोजना के आधार पर परीक्षण जारी होने को जनसत्ता ने खुशखबरी बताते हुए लिखा है- इंटरनेट और सिमकार्ड के बिना भी मोबाइल पर देख सकेंगे वीडियो। पत्र के अनुसार विशेष चिप के जरिये डी टी एच की तरह काम करेगी यह तकनीक।
विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोह में पहनने होंगे हैंडलूम से तैयार कपडे अमर उजाला ने इसे प्रमुखता से देते हुए लिखा है- यूजीसी ने लिखा पत्र, ड्रेस कोड में शामिल करें भारतीय परिधान।
हिन्दुस्तान ने अंटार्कटिका में दुर्लभ सफेद पेंगुइन दिखने को सचित्र देते हुए लिखा है- आमतौर पर पेंगुइन नारंगी रंग की चोंच काले सिर और काले पंख वाले होते हैं लेकिन यह अलग तरह का पूरा सफेद पेंगुइन है।
राजस्थान पत्रिका की यह खबर ध्यान खींचती है- तम्बाकू से दूर हो रही नई पीढी, दो दशक में 11 करोड घटे। पत्र आगे लिखता है- अच्छी प्रगति लेकिन अभी संतोषजनक नहीं।