उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का अनुष्ठान शुरू हो गया है। प्रायश्चित या पश्चाताप अनुष्ठान के बाद आज परिसर प्रवेश की रस्म आयोजित की जाएगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्राण प्रतिष्ठा के ये अनुष्ठान और कार्यक्रम 21 जनवरी तक चलेंगे और उसके बाद 22 जनवरी को दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य कार्यक्रम होगा।
आज भगवान राम की मूर्ति को परिसर प्रवेश की रस्म के अनुसार मंदिर क्षेत्र में ले जाया जाएगा. इस बीच नित्य प्रतिदिन गंध निवास, औषधि निवास, जल यात्रा समेत कई अनुष्ठान 21 जनवरी तक होंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा और उनकी पत्नी इन सभी अनुष्ठानों के दौरान यजमान के तौर पर मौजूद रहेंगे। कर्नाटक के प्रसिद्ध मूर्तिकार श्री अरुण योगीराज द्वारा कृष्णशिला पर निर्मित मूर्ति का चयन भगवान श्री रामलला सरकार के श्री विग्रह के रूप में प्रतिष्ठित होने के लिए किया गया है। इस बीच भगवान श्री रामलला सरकार के गर्भगृह में स्वर्ण मंडित द्वार की स्थापना के साथ ही भूतल पर सभी 14 स्वर्ण मंडित द्वारों की स्थापना का काम संपन्न हो गया है।