विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रमण्यम जयशंकर ने फ्रांस के विदेशमंत्री ज्यां ईव लु-द्रियां से द्विपक्षीय मुद्दों पर कल पेरिस में चर्चा की। दोनों मंत्रियों ने कोविड महामारी के दौरान भारत और फ्रांस के बीच सहयोग की सराहना की और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमत हुए। इसके अंतर्गत, दोनों देशों ने समुद्री अर्थव्यवस्था और महासागर निगरानी से जुड़ी भविष्य की योजना स्वीकार की। इस योजना का लक्ष्य समद्री अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में संस्थानिक, आर्थिक, ढांचागत और वैज्ञानिक सहयोग के माध्यम से साझेदारी बढ़ाना है। दोनों देश खेलों के क्षेत्र में संयुक्त घोषणा को जल्द जारी करेंगे। दोनों विदेश मंत्री भारत और फ्रांस में लोक प्रशासन और प्रशासनिक सुधार पर भी सहयोग करने पर सहमत हुए।
डॉक्टर जयशंकर और फ्रांस के विदेशमंत्री ने महत्वपूर्ण क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों विशेष रूप से भारत और यूरोपीय संघ के बीच साझेदारी पर चर्चा की। दोनों देशों ने यूरोपीय संघ परिषद के अध्यक्ष के रूप में फ्रांस की प्राथमिकताओं पर भी चर्चा की। फ्रांस ने इस वर्ष पहली जनवरी को यूरोपीय संघ परिषद का अध्यक्ष पद ग्रहण किया था।
विदेश मंत्री ने हिंद-प्रशांत में सहयोग पर यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों का सम्मेलन बुलाने की भी सराहना की। यह सम्मेलन कल होगा।