राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने रथयात्रा पर लोगों को शुभकामनाएं दी है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के अवसर पर लोगों, विशेषकर ओडि़सा के श्रद्धालुओं को बधाई दी है। राष्ट्रपति कोविंद ने भगवान जनन्नाथ की अनुकम्पा से सबके लिए सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की।
उप-राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने रथयात्रा के अवसर पर लोगों को बधाई दी है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि पुरी में होने वाली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा ओडिसा समेत पूरे भारत के श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत पावन और बहुप्रतीक्षित उत्सव है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव देश की विविधता और समावेशी संस्कृति का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रथ यात्रा के अवसर पर लोगों को बधाई दी है। अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा है, “रथ यात्रा के विशेष अवसर पर सबको बधाई। हम भगवान जगन्नाथ को प्रणाम करते हैं और उनसे प्रार्थना करते हैं कि उनके आशीर्वाद से सबको अपने जीवन में अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि मिले। जय जगन्नाथ!”
गृहमंत्री अमित शाह ने जगन्नाथ रथयात्रा की शुभंकामनाएं दी है। अमित शाह ने एक ट्वीट में महाप्रभु जगन्नाथ की कृपा से लोगों के जीवन में स्वास्थ्य, सौभाग्य और समृद्धि की कामना की है।