यूरोपीय संघ के सभी 27 देश यूक्रेन को 54 बिलियन अमेरिकी डॉलर की अतिरिक्त सहायता पैकेज देने को लेकर सहमति

यूरोपीय संघ के सभी 27 देश यूक्रेन को 54 बिलियन अमेरिकी डॉलर की अतिरिक्त सहायता पैकेज देने को लेकर आम सहमति हो गई हैं। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल ने ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ के नेताओं के एक विशेष शिखर सम्मेलन के बाद इसकी घोषणा की। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष मिशेल ने जोर देकर कहा कि यह निर्णय यूक्रेन के समर्थन में यूरोपीय संघ के नेतृत्व और जिम्मेदारी को दर्शाता है। इससे अगले चार वर्ष के लिए वित्‍तीय सहायता सुनिश्चित हो जाएगी। यूरोपीय संघ सुविधा से 4.9 बिलियन अमेरिकी डॉलर की पहली किस्त मार्च में यूक्रेन पहुंचने की उम्मीद है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदीमीर ज़ेलेंस्की ने सर्वसम्मत मंजूरी के लिए आभार व्यक्त किया। यूक्रेन इस समय रूस के साथ चल रहे संघर्ष से निपट रहा है। ज़ेलेंस्की ने कहा कि सभी 27 नेताओं द्वारा लिया गया यह निर्णय बहुत महत्वपूर्ण है क्‍योंकि यह यूरोपीय परिषद की मजबूत एकता को दर्शाता है। रूस के साथ यूक्रेन का युद्ध तीसरे वर्ष में पहुंच रहा है। अमेरिका में आगामी चुनावों की चुनौतियों और भू-राजनैतिक अनिश्चितता को देखते हुए यूक्रेन को दी जा रही यह सहायता ईयू देशों की एकजुटता का संदेश देती है।

Related posts

Leave a Comment