महिला एशियन चैंपियंस हॉकी स्पर्धा में भारत ने कल झारखंड में रांची के मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में अपने शुरूआती मैच में थाईलैंड को 7-1 से हरा दिया। संगीता कुमारी के तीन गोल, जबकि मोनिका, सलिमा तेते, दीपिका और लालरेम सियामी के एक-एक गोल की बदौलत भारत ने इस मैच में शानदार जीत दर्ज की। थाईलैंड की ओर से सुपांसा सामोंसो ने सिर्फ एक गोल किया।
इससे पहले, पिछली बार के चैंपियन जापान ने अपने पहले मैच में मलेशिया को तीन गोल से हराया। दिन के दूसरे मैच में कोरिया ने चीन को एक गोल से हराया। कोरिया यह ट्रॉफी तीन बार जीत चुका है।
आज जापान का सामना कोरिया से शाम चार बजे, थाईलैंड का सामना चीन से शाम सवा छह बजे और भारत का मुकाबला मलेशिया से रात साढ़े आठ बजे से होगा।