भारत-फ्रांस विदेश कार्यालय परामर्श-FOC का नई दिल्ली में आयोजन हुआ

भारत-फ्रांस विदेश कार्यालय परामर्श-एफओसी का आज नई दिल्ली में आयोजन हुआ। विदेश सचिव विनय क्वात्रा और यूरोप तथा विदेश मामलों के फ्रांसीसी मंत्रालय की महासचिव ऐनी-मैरी डेस्कॉट्स ने इसकी सह-अध्यक्षता की। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि बैठक में दोनों पक्षों ने महत्वाकांक्षी भारत-फ्रांस क्षितिज 2047 रोडमैप में दर्शाये गये द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं में हुई प्रगति की व्यापक समीक्षा की गई। पिछले साल 14 जुलाई को फ्रांस के राष्ट्र दिवस पर सम्मानित अतिथि के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्रांस की ऐतिहासिक यात्रा के दौरान यह रोडमैप अपनाया गया था।

एफओसी से पहले कल महत्‍वपूर्ण अंतरिक्ष वार्ता तथा भारत-फ्रांस ‘निरस्त्रीकरण और अप्रसार वार्ता’ की दूसरी बैठक हुई। इसमें रक्षा, शांति पूर्ण उद्देश्‍यों के लिए परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष, साइबर और डिजिटल, संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार और बहुपक्षीय सहयोग तथा सांस्कृतिक संबंधों सहित द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा हुई। इसके अलावा वैश्विक और क्षेत्रीय मामलों, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने की कार्रवाई, सहयोग के त्रिपक्षीय और बहुपक्षीय रूपों तथा गजा और लाल सागर की स्थिति और रूस-यूक्रेन संघर्ष सहित प्रमुख चुनौतियों पर भी बातचीत हुई।

Related posts

Leave a Comment