भारत और वेस्ट इंडीज के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला का दूसरा मैच आज पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा।
शिखर धवन के नेतृत्व में भारतीय टीम श्रृंखला में एक-शून्य से आगे है। शुक्रवार को पहले मैच में भारत ने वेस्ट इंडीज पर तीन रन की रोमांचक जीत दर्ज की थी। 309 रन के लक्ष्य के जवाब में वेस्ट इंडीज की टीम ने छह विकेट पर 305 रन बनाए। इससे पहले भारत ने 50 ओवर में 308 रन बनाए थे। आज का मैच जीतने पर भारत लगातार दूसरी श्रृंखला में विजयी होगा। पिछली बार भारत ने तीन मैचों की श्रृंखला दो-शून्य से जीती थी। एक मैच बारिश के कारण नहीं हो सका था।
एकदिवसीय श्रृंखला के बाद दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी-ट्वेंटी श्रृंखला खेली जाएगी।
