पिछली रात बलूचिस्तान में लापता हुए पाकिस्तानी सेना के हेलीकॉप्टर का मलबा लासबेला ज़िले में मूसा गोठ के निकट पाया गया है। सशस्त्र बलों की मीडिया मामलों के विभाग ने ट्वीट में बताया है कि इस दुर्घटना में हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह अधिकारी और सैनिक मारे गये हैं। इनमें बारहवीं कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सरफ़राज़ अली शामिल हैं।
ट्वीट में बताया गया है कि प्रारम्भिक जांच के अनुसार दुर्घटना का कारण खराब मौसम था। हेलीकॉप्टर बलूचिस्तान के लासबेला में बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने के कार्य में लगा हुआ था। बाद में इसका सम्पर्क वायु यातायात नियंत्रण से टूट गया।
सेना कर्मी बलूचिस्तान के बाढ़ ग्रस्त ज़िलों में कई सप्ताह से राहत पहुंचाने के कार्य में लगे हुए हैं।